शुक्रवार, 19 जुलाई 2019



पैबस्त है तू मुझमें
कुछ इस तरह
कि मैं रहूँ ना रहूँ
तू हीं तू रह जाएगा।
जब मैं नहीं
मेरे किस्से रह जाएँगे
उन किस्सों में हीं
तू भी रह पाएगा।
साथ न हो कर भी साथ मेरे

मंगलवार, 9 जुलाई 2019

सुख की बदली छाई

   सुख की बदली छाई
----------------------++
प्यासी धरती की सुन पुकार
आसमान झुक आया,
दु:ख-द्रवित हो नयन-नीर से
मेघा को बरसाया।

बीत गए दिन दुख के
सुख की बदली छाई,
अंकवार ले वारि-धार को
रसवंती धरती मुसकाई।

पुलकित गात रोमांचित रोमावलि
द्रुम-दल झूम रहे हैं,
पवन झकोर घन-गर्जन घोर
तृषित धरा को चूम रहे हैं।

केश खुले ज्यों वेश खुले
लता-गुल्म लहराते हैं,
झिनझिन झिंगुर टर्रटर्र दादुर
मेघा-राग सुनाते हैं।

प्यास बुझी  उमड़ी नेहा
नदिया तट को तोड़ चली,
आकुल-व्याकुल उछल तड़पकर
मिलने सागर ओर चली।

मिटे ताप संताप सभी
इंद्रधनुष नभ छाया,
धरा-गगन के मधुर मिलन से
अग-जग सब हर्षाया।
    __अशोक झा'दुलार'